
कोलकाता: कांग्रेस नेता शशि थरूर ने गुरुवार को कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा को लेकर लोगों की व्यापक पैमाने पर प्रतिक्रिया आई है।
इसे वोटों में तब्दील करना अगली चुनौती है और यह स्वत: नहीं होगा। कांग्रेस नेता ने कोलकाता साहित्य महोत्सव के तहत आयोजित एक कार्यक्रम से इतर मीडिया से बातचीत में कहा कि उनकी पार्टी 2024 के आम चुनाव में विपक्षी दलों के बीच सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरेगी, फिर भी उसे आम चुनाव से पहले अन्य विपक्षी दलों के साथ संबंध बनाने की जरूरत होगी।
विपक्षी एकता बहुत वांछनीय
थरूर ने कहा कि, अगर हम अगली बार देश को एक वैकल्पिक सरकार की पेशकश करते हैं तो विपक्षी एकता बहुत वांछनीय है। उन्होंने यह भी कहा कि यात्रा की सफलता से केंद्र सरकार हिल गई और इसका संकेत उसके एक पत्र से मिलता है, जिसमें यात्रा को लेकर कोविड -19 से उत्पन्न खतरों की चेतावनी दी गई है। बता दें कि थरूर ने हाल ही में कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ा था, लेकिन वह चुनाव मल्लिकार्जुन खरगे से हार गए थे।
कोविड से सतर्क रहने की जरूरत
यात्रा के लिए खतरा पैदा करने वाले कोविड-19 के बारे में पूछे जाने पर, थरूर ने कहा कि वॉकथॉन एक महीने से भी कम समय बाद 26 जनवरी को समाप्त होगा और अब तक विशेषज्ञों के “संदेश” काफी आश्वस्त करने वाले थे। उन्होंने कहा कि, चीन में इतना नुकसान करने वाले वैरिएंट भारत में जून-जुलाई में पहले ही पहचाने जा चुके थे और कोई बड़ी आपदा नहीं हुई। उन्होंने कहा कि देश को अभी भी सतर्क रहने की जरूरत है।
