पश्चिम बंगाल के मंत्री सुब्रत साहा का दिल का दौरा पड़ने से निधन, सीएम ममता बनर्जी ने जताया दुख

पश्चिम बंगाल के मंत्री सुब्रत साहा का दिल का दौरा पड़ने के कारण निधन हो गया है। 69 वर्षीय साहा को सीने में दर्द की शिकायत के चलते गुरुवार सुबह मुर्शिदाबाद मेडिकल कालेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

इलाज के दौरान ही उनका निधन हो गया।

दिल की बीमारी से पीड़ित थे सुब्रत साहा

अस्पताल के प्राचार्य अमित दान ने पत्रकारों को बताया कि साहा ने सुबह 11 बजकर 2 मिनट पर अंतिम सांस ली। साहा दिल की बीमारी से पीड़ित थे। साहा राज्य सरकार में खाद्य प्रसंस्करण उद्योग एवं उद्यानिकी विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) थे।

सागरदिघी से MLA थे साहा

टीएमसी नेता सुब्रत साहा मुर्शिदाबाद के सागरदिघी से विधायक थे। पिछले साल विधानसभा चुनाव में टीएमसी की टिकट पर उन्होंने लगातार तीसरी बार जीत दर्ज की थी।

सीएम ममता बनर्जी ने जताया दुख

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के अलावा कई नेताओं ने साहा के निधन पर दुख जताया है। राज्य सरकार ने उनके निधन पर आज आधे दिन की राजकीय छुट्टी की भी घोषणा की। सीएम ने अपने शोक संदेश में कहा कि मंत्री सुब्रत साहा के निधन से अत्यंत दुख हुआ है। उनके निधन से राजनीतिक जगत में एक शून्यता पैदा हुई है। परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। ममता ने आगे कहा कि लंबे राजनीतिक जीवन में साहा विभिन्न सामाजिक सेवा गतिविधियों से भी जुड़े रहे। सुब्रत के साथ मेरे लंबे व्यक्तिगत संबंध थे। उनके राजनीतिक और सामाजिक योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।

गाल ब्लैडर का ऑपरेशन हुआ

पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक, साहा का हाल में कोलकाता में गाल ब्लैडर का ऑपरेशन भी हुआ था। हालांकि, वह ठीक हो गए और बुधवार सुबह मुर्शिदाबाद लौट आए थे, लेकिन रात में फिर तबीयत खराब हुई। उसके बाद सुबह में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

Design a site like this with WordPress.com
Get started