दक्षिण 24 परगना जिला अंतर्गत धोलाहाट थाना क्षेत्र में एक शिक्षक पर आठवीं की छात्रा से दुष्कर्म का आरोप लगा है। दावा है कि बच्ची जब शौचालय गई थी तो वह अंदर चला गया और वहां जबरदस्ती उसके साथ दुष्कर्म किया।
आरोप है कि बाहर किसी को बताने पर मारने-पीटने की धमकी दी। यहां तक कि वारदात को अंजाम देने के बाद उसने लड़की को टॉयलेट के अंदर बंद करके बाहर से ताला लगा दिया। काफी देर तक जब वह बाहर नहीं आई तो सहपाठियों को संदेह हुआ और उसके घर वालों को सूचना दी गई। वहां से उसके मां-बाप स्कूल पहुंचे और बच्ची के बारे में पूछताछ की तो पता चला कि उसे टॉयलेट में बंद किया गया है। इसके बाद उन्होंने ताला तोड़कर बेटी को घर वापस लाया।

आरोप है कि रविवार शाम जब शिकायत करवाने के लिए उसकी मां बच्ची को साथ लेकर थाने जा रही थी तब स्थानीय तृणमूल नेताओं ने धमकी भी दी। हालांकि परिवार डरे बिना थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई जिसके बाद आरोपित शिक्षक को देर रात गिरफ्तार किया गया है। सोमवार को जिला पुलिस सूत्रों ने बताया है कि उसे काकद्वीप सब डिविजनल कोर्ट में पेश किया जाएगा।