
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस की सुप्रीमो ममता बनर्जी ने अपनी पार्टी के स्थापना दिवस के निमित्त कोलकाता के नज़रुल मंच में आयोजित कार्यक्रम में सोमवार को बड़ी घोषणा की है।
उन्होंने पंचायत चुनाव और उसके बाद लोकसभा चुनाव से पहले बड़े पैमाने पर पार्टी की ओर से जनसंपर्क अभियान की घोषणा करने के साथ ही भाजपा और माकपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि बंगाल में राम और वाम दोनों एक हो गए हैं। उन्होंने इशारे-इशारे में भारतीय जनता पार्टी पर भी तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में विपक्ष को पूरा अधिकार है। यहां प्रतिहिंसा की राजनीति नहीं की जाती लेकिन देश भर में राजनीतिक मत भिन्न वाले विपक्षी लोगों को परेशान किया जा रहा है। हालांकि उन्होंने खुलकर सीबीआई या ईडी का नाम नहीं लिया लेकिन उनका इशारा उसी ओर था।
पार्टी में भ्रष्टाचार को लेकर कही बड़ी बात
इसके अलावा हाल ही में शिक्षक नियुक्ति भ्रष्टाचार व अन्य परियोजनाओं में तृणमूल नेताओं की ओर से बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार उजागर होने को लेकर भी उन्होंने महत्वपूर्ण बयान दिया है। ममता ने कहा है कि धान में अगर एक कीड़ा लगता है तो उसी समय उसे समूल नष्ट कर दिया जाना चाहिए। ध्यान रखने वाली बात यह है कि एक कीड़ा से पूरे धान में कीड़ा लग जाता है।
ममता ने कहा कि पार्टी करने वाले नेताओं को यह ध्यान रखना होगा कि वह जनता के प्रति जवाबदेह हैं। मैं भी पार्टी और जनता से ऊपर नहीं हूं। जो लोग इस तरह से करते हैं उन्हें पहले सतर्क किया जाएगा। अगर फिर भी नहीं समझेंगे तो निश्चित तौर पर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि जो लोग जनता के बीच जाएंगे उन्हें हर शिकायत को सिर झुका कर सुनना होगा।
ग्राम पंचायतों में भ्रष्टाचार से संबंधित एक सवाल के जवाब में ममता ने कहा कि पहले राज्य सरकार के जरिए ग्राम पंचायतों के खाते में रुपये जाते थे लेकिन अब सीधे पंचायतों के खाते में राशि का आवंटन होता है। उस पर निगरानी की बहुत अधिक व्यवस्था भी नहीं है लेकिन राज्य सरकार निश्चित तौर पर उस पर नजर रखेगी।
दरअसल हाल ही में राज्य के पूर्व शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी की गिरफ्तारी और उसके बाद इस मामले में तृणमूल के कई नेताओं की गिरफ्तारी को लेकर तृणमूल कांग्रेस की काफी किरकिरी हुई है। उसके पहले ममता बनर्जी ने सोमवार को दीदी का रक्षा कवच और दीदी के दूत नाम से जो मोबाइल एप्लीकेशन और जनसंपर्क अभियान की शुरुआत की है वह पार्टी की साफ-सुथरी छवि स्थापित करने और भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने की कोशिश मानी जा रही है। मुख्यमंत्री का यह बयान अपने आप में बेहद महत्वपूर्ण है।
