
मिथुन-देव की फिल्म ”प्रजापति” ने राजनीतिक बहस छेड़ दी है। तृणमूल प्रवक्ता कुणाल घोष ने भी इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोमवार को कहा कि फिल्म को हिट कराने के लिए भाजपा विवाद खींच रही है।
दरअसल देव ने प्रजापति में अच्छा अभिनय किया है, लेकिन मिथुन चक्रवर्ती पूरी तरह से असफल नजर आ रहे हैं। मिथुन चक्रवर्ती की फ्लॉप अभिनय के कारण ही प्रजापति फिल्म कुछ खास कमाल नहीं कर पाई। इसलिए भाजपा अब फिल्म को हिट बनाने के लिए विवाद खड़ा करने की कोशिश कर रही है।
वहीं भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिलीप घोष ने इस बारे में कहा कि नंदन में ”प्रजापति” इसलिए रिलीज नहीं हुई क्योंकि मिथुन भाजपा नेता है। बंगाल में अगर आप तृणमूल कांग्रेस से नहीं जुड़ते हैं तो आपकी फिल्म रिलीज नहीं होगी।
उल्लेखनीय है कि राज्य के लोक निर्माण और शहरी विकास मंत्री और कोलकाता के मेयर फिरहाद हाकिम ने इस संबंध में कहा कि प्रजापति फिल्म में मिथुन चक्रवर्ती ने काम किया है, इस वजह से नंदन में रिलीज नहीं किया गया इसमें कोई सच्चाई नहीं है। दरअसल नंदन में फिल्में दिखाने के लिए समय पर बुकिंग करनी होती है। जो लोग संबंधित फिल्म से जुड़े हैं उन्हें बुकिंग पहले से ही कर लेनी चाहिए थी। यह बुकिंग मुख्यमंत्री के हाथ में नहीं है। हो सकता है कि फिल्म ”प्रजापति” से पहले किसी और ने पत्र भेजकर स्क्रीन बुक कर ली हो।
