मंगलवार की सुबह कोहरा काल बनकर आया है. मुर्शिदाबाद के दौलताबाद में भीषण बस हादसे में 12 यात्रियों के घायल होने की खबर है, जबकि बस चालक की मौत हो गई. बहरामपुर जलांगी स्टेट हाइवे पर मंगलवार की सुबह एक बस और लॉरी की भिड़ंत हो गई. घायलों को बचाया गया और मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया.

पुलिस ने कहा कि बस चालक की वहीं मौत हो गई, जबकि घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है.
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसा उस वक्त हुआ, जब घने कोहरे में बस दूसरी तरफ से ओवरटेक कर रही थी. उसी दौरान यह भयावह हादसा हुआ है. हादसे के बाद पूरे इलाके में कोहराम मच गया है. दौलताबाद थाना पुलिस मौके पर है.
ओवरटेक करने के दौरान हुआ हादसा, कई घायल
सुबह से ही चारों ओर घने कोहरे की चादर छाई हुई है. दृश्यता पहले से ही कम थी. कुछ प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कोहरे में भी बस की गति सामान्य से काफी अधिक थी. जलांगी स्टेट हाईवे बहुत चौड़ा नहीं है. कोहरे में बस चालक एक कार को पास करने आगे निकलने की कोशिश कर रहा थी. उसी समय विपरीत दिशा से एक लॉरी आ रहा था. बस लॉरी में जा घुसी. बस और लॉरी के आगे के हिस्से एक दूसरे से भिड़ गये. ज्यादातर यात्री बस के अंदर फंस गए. कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. तेज आवाज सुन स्थानीय लोग दौड़े आए. सबसे पहले स्थानीय लोगों ने बचाव कार्य शुरू किया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई.
बस-लॉरी की टक्कर में चालक की हुई मौत
बस का आगे का हिस्सा काट कर चालक को बाहर निकाला गया. एक-एक करके बस यात्रियों को बचाया गया और मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों ने बताया कि कई लोगों की हालत गंभीर है. खबर है कि उन्हें कोलकाता शिफ्ट किया जा सकता है. इनमें से कई की हालत काफी गंभीर बताई जा रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि मुर्शिदाबाद से कोलकाता की दूरी बहुत ही अधिक है. ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि यदि समय पर घायलों का सही इलाज नहीं किया गया है, तो और भी प्राणहानि हो सकती है.
पुलिस ने राहत और बचाव का काम किया शुरू
दूसरी ओर, पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई शुरू की है और बस और लॉरी के मालिक को तलब किया है. स्थानीय लोगों से भी पुलिस ने पूछताछ शुरू की है. पुलिस घायलों के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है. कई घायलों के परिजन पहले ही अस्पताल पहुंच चुके हैं. सुबह सात बजे हुए भीषण बस हादसे ने जलंगी स्टेट हाइवे पर भी भीषण जाम की स्थिति पैदा कर दी है. दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाया जा रहा है. पुलिस ट्रैफिक नियंत्रित कर रही है.
