बंंगाल के दीघा में बनेगा देश का दूसरा पनडुब्बी संग्रहालय, युवाओं के लिए इसलिए होगा खास

भारतीय नौसेना की मदद से बंगाल सरकार राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थल दीघा में अब समुद्र के किनारे नौसेना का पनडुब्बी संग्राहलय बनाने जा रही है।

Advertisements

इसकी प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। बंगाल क्षेत्र के नौसेना के प्रवक्ता कमांडर सुदीप्तो मोइत्रा के अनुसार, विशाखापत्तनम के बाद यह देश में नौसेना का दूसरा पनडुब्बी संग्रहालय (सबमरीन म्यूजियम) होगा। विशाखापत्तनम की तर्ज पर बनने वाला यह संग्रहालय उससे भी उन्नत होगा। अधिकारियों के अनुसार, इससे जहां समुद्री बीच वाले दीघा में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, साथ ही यह संग्रहालय युवाओं को नौसेना में करियर के लिए प्रेरित करेगा। दैनिक जागरण के साथ बातचीत में कमांडर मोइत्रा ने बताया- पनडुब्बी संग्रहालय के लिए इस साल जून में राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की ओर से प्रस्ताव दिया गया था। इसके बाद राज्य सरकार के साथ बातचीत हो गई है।

सबमरीन से बनेगा संग्रहालय

इस संग्रहालय के लिए नौसेना हाल में सेवानिवृत्त हुए एक सबमरीन (पनडुब्बी) राज्य सरकार को देगी, जिसको सौंपने की कागजी प्रक्रिया चल रही है। राज्य उस सबमरीन से संग्रहालय बनाएगी। जमीन समेत संग्रहालय के निर्माण का पूरा खर्च राज्य सरकार ही उठाएगी। मोइत्रा ने बताया कि राज्य सरकार इसके लिए काफी उत्साहित है। संग्रहालय के लिए राज्य ने जमीन को भी अधिसूचित कर दिया है। दीघा समुद्र बीच पर ही यह पनडुब्बी संग्रहालय बनेगा।

विशाखापत्तनम से भी उन्नत होगा

नौसेना अधिकारी ने बताया कि यह संग्रहालय विशाखापत्तन से भी काफी उन्नत होगा। सबमरीन को संग्रहालय का रूप दिया जाएगा। यह बेहद अत्याधुनिक संग्रहालय होगा। इस संग्रहालय में व आसपास और क्या-क्या होगा, इस पर विचार-विमर्श चल रहा है।

हर साल लाखों पर्यटक जाते हैं दीघा

बता दें कि पूर्व मेदिनीपुर जिले में स्थित दीघा में हर साल लाखों पर्यटक जाते हैं, जो बंगाल का एक प्रमुख समुद्री बीच है। नौसेना प्रवक्ता ने बताया कि जो लोग विशाखापत्तनम नहीं जा सकते, पनडुब्बी संग्रहालय बनने के बाद वे दीघा में ही उसका अनुभव ले सकते हैं और इससे लोगों को भारतीय नौसेना की कार्यशैली को करीब से जानने का मौका मिलेगा। खासकर युवाओं को इससे काफी प्रेरणा मिलेगी। मोइत्रा ने बताया कि नौसेना युवाओं को अपनी ओर आकर्षित करने के लिए लगातार अभियान भी चला रही है, ताकि अधिक से अधिक युवा नौसेना से जुड़कर अपना करियर बना सकें। यह संग्रहालय उन युवओं के लिए प्रेरणा का काम करेगा जो नौसेना ज्वाइन करना चाहते हैं।

कोलकाता में नौसेना ने एयरक्राफ्ट म्यूजियम भी बनाया है

बता दें कि नौसेना ने इससे पहले कोलकाता से सटे न्यूटाउन में पहले ही एक नेवल एयरक्राफ्ट म्यूजियम भी बनाया है। यह भी बंगाल सरकार के सहयोग से बनाया गया है। इस साल जून में इस संग्रहालय का उद्घाटन हुआ था।


Leave a comment

Design a site like this with WordPress.com
Get started